अध्याय 16
वाक्यरचना और छिटपुट जानकारी
अब हम पहुँचे हैं एक महत्वपूर्ण अध्याय में. इस अध्याय का क्रमांक है 16. इन अध्यायों की संख्या एक के बाद एक बढ़ते समय किसी को ऐसा खयाल आ सकता है कि ‘लेकिन इतना सब याद कैसे रहेगा?’ इस प्रश्न का उत्तर वैसे बहुत मुश्किल नहीं है. और संगणक के जमाने में इसका उत्तर देना और भी आसान हो गया है. आपने सुना होगा वह शब्द संगणक. कुछ लोग हिंदी में इसे कम्प्यूटर कहते हैं. (वैसे कम्प्यूटर अंग्रेज़ी का शब्द है).
तो इस कम्प्यूटर अथवा संगणक में memory होती है. उसमें आप बहुत सारी जानकारी संग्रहित कर रख सकते हैं. कोई इस संगणक की अथवा संगणक की memory की प्रशंसा करेगा. लेकिन प्रशंसा तो आपके मस्तिष्क की होनी चाहिये क्योंकि उसमें एक ऐसा जबरदस्त संगणक है कि उस जैसा कृत्रिम संगणक बनाने के लिये फिर से पढ़ें – उस जैसा ‘एक’ संगणक बनाने के लिये संपूर्ण पृथ्वी जितनी जगह लगेगी. (और यह पृथ्वी -विश्वास रखें, आपके गाँव से भी बहुत बड़ी है.)
यह पढ़कर कोई कहेगा अबबबब…’पृथ्वी जितनी जगह’ यानी बहुत ही बड़ी हुई. वास्तव में आश्चर्यचकित होने जैसी यह एक ही बात नहीं है दुनिया में. भगवान ने देखने वालों के लिये इतने चमत्कार बिखेरे हैं कि उन्हें देखते देखते उम्र बीत जाएगी, लेकिन ‘अबबब’ कहना खत्म नहीं होगा.
लेकिन इस वक्त तो आपको सिर्फ आपके मस्तिष्क के चमत्कार की याद दिलानी थी. इतनी बडी शक्ति के मालिक होने के बाद उक्त प्रश्न आप पूछ ही नहीं सकते, यह आपको बताना था. आपके पास तो इतनी क्षमता है कि अंग्रेजी सीखने के बाद आप और सौ भाषाएँ सीख सकते हैं. और उसके बाद भी आपके पास जगह बचेगी (उस जगह का क्या करना है यह आप ही तय करे). अभी तो हम वाक्यरचना नामक अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं.
रचना क्र. 1
There + be का रूप + (विशेषण) + संज्ञा +
be यह क्रिया और be के रूप आपके लिये नए नहीं हैं. काल के अनुसार be के रूप का प्रयोग करें. वाक्य वर्तमानकाल का हो तो be का वर्तमानकाल का रूप आएगा.
am/is/are ये be के वर्तमानकाल के रूप हैं. was/were ये भूतकाल के रूप हैं. will be यह be का भविष्यकाल का रूप है. वाक्य में can, should आदि सरीखी सहायक क्रियाओं का प्रयोग करने की आवश्यकता हो तो उसके साथ be आएगा. वाक्य में have/has का प्रयोग करने की ज़रूरत हो तो have/has के साथ be का तीसरा रूप यानी been आएगा.
अब उपर्युक्त रचना का प्रयोग समझने के लिये अगले वाक्यों पर ध्यान दें.
- 1. हमारे बगीचे में आम के तीन पेड़ हैं.
- 2. जुलूस में सैंकड़ों लोग थे.
- 3. हमारे घर के सामने पेड़ है.
- 4. तुम्हारी चाय में मक्खी है.
- 5. साल में 365 दिन होते हैं
वाक्य अंग्रेज़ी में….
- 1. Three mango trees are in our garden.
- 2. Hundreds of people were in the procession.
- 3. A tree is in front of our house.
- 4. A fly is in your tea.
- 5. 365 days are in a year.
इस प्रकार कहना संभव होने पर भी ऐसे वाक्य प्रारंभ करने के लिये सामान्यतः हम there का प्रयोग करते हैं. ऊपर के वाक्य there का इस्तेमाल करके इस तरह होंगे :-
1. There are three mango trees in our garden
There + be का रूप + विशेषण + नाम + शेष भाग
2. There were hundreds of people in the procession.
3. There is a tree in front of our house.
4. There is a fly in your tea.
5. There are 365 days in a year.
कुछ वाक्य तो there का प्रयोग किये बिना संभव ही नहीं हैं. जैसे एक राजा था. यह वाक्य अंग्रेजी में there का प्रयोग किये बिना बनाने की कोशिश की जाए तो वह One king was/One was king/King was one ऐसा कुछ बनेगा. और हम जानते हैं कि यह सही नहीं है. यह वाक्य अंग्रेज़ी में there का प्रयोग कर इस प्रकार बनेगा :-
There was a king.
ऐसे ही एक कहावत है = There is a saying.
- There का यह प्रयोग पूर्णतः स्पष्ट होने के लिये नीचे पर्याप्त उदाहरण दिये गए हैं.
उदाहरण
1. जुलूस में सैंकड़ों लोग होंगे. -There will be hundreds of people in the procession.
2. उस कोने पर एक किताब की दुकान है. -There is a bookshop on that corner.
3. लगभग किसी भी धंधे में जोखिम होती है. -There is a risk in almost any business.
4. सभा में अधिक लोग नहीं थे. -There weren’t many people in the meeting.
5. चुनाव में छह उम्मीदवार खड़े हैं. -There are six candidates standing in the election.
6. गाँव के कुछ भागों में कर्फ्यू था. -There was a curfew in some parts of the town.
7. क्या कोई समस्या है? – Is there any problem?
(यह वाक्य प्रश्नवाचक होने की वजह से there से प्रारंभ नहीं हुआ.)
8. कोई समस्या नहीं है. -There is no problem.
there के नकारात्मक वाक्य में सामान्यतः no का प्रयोग किया जाता है. लेकिन there के वाक्य में not का प्रयोग करना भी संभव है. जैसे यही वाक्य not का प्रयोग कर ऐसे बनेगा: There isn’t any problem.
9. नाश्ते के लिये क्या है? -What is there for breakfast?
10. क्या यहाँ आसपास कोई बेकरी है? -Is there any bakery near here?
11. हाँ. उस कोने पर एक है. -Yes, there is one on that corner.
12. भोजन के बाद अनेक भाषण हए. -There were many speeches after the meal.
13. इस नीति में कोई परिवर्तन नहीं होगा. -There will be no change in this policy.
14. बेरोज़गारों की संख्या में पाँच प्रतिशत वृद्धि हुई है. -There has been a 5% increase in the number of the unemployed.
15. अब राह देखने में कोई मतलब नहीं है. -There is no sense in waiting now.
16. सभा में कितने लोग थे? -How many people were there at the meeting?
17. स्टेशन के पास कई होटल हैं.. -There are many hotels near the station.
18. हालत में थोड़ा सुधार हुआ है. -There has been a slight improvement in the situation.
19. दुकान के बाहर बहुत लंबी लाइन थी. -There was a long queue outside the shop.
20. इस पाठशाला में अनुशासन नहीं है. -There is no discipline in this school.
21. इस विषय पर बहुत चर्चा हो चुकी है. -There has been a lot of discussion on this subject.
22. क्या उसके जीतने की कोई उम्मीद है? -Is there any hope of his winning?
23. उसने जो कहा क्या उसमें कुछ सच्चाई है? -Is there any truth in what he said?
24. धूम्रपान और फेफड़ों के कैंसर में सीधा संबंध है. -There is a direct connection between smoking and lung cancer.
25. क्या यहाँ से सीधे दिल्ली जाने वाली रेलगाड़ी है? -Is there a direct train to Delhi from here?
26. आज पतंग उड़ाने के लिये पर्याप्त हवा नहीं है. -There isn’t enough wind to fly a kite today.
27. लगभग हर अमरीकी मकान में बंदूक है. -There is a gun in practically every American home.
28. टीवी के कई सारे नुकसानदायक परिणाम हैं. -There are so many harmful effects of the television.
29. उनके घर में धूल का कण भी नहीं है. -There is not a speck of dust in their house.
30. क्या जिसे अंग्रेज़ी आती हो ऐसा यहाँ कोई है? -Is there anyone here who knows English?
- there के वाक्य में आवश्यकतानुसार सहायक क्रिया का प्रयोग किया जा सकता है. उदाहरणः –
1. कक्षा में थोड़ा भनुशासन होना चाहिये. -There should be some discipline in the class.
2. इस बारे में कोई संदेह नहीं हो सकता. -There can be no doubt about it.
3. वह नहीं आया, उसका कोई कारण हो सकता है. -There may be some reason that he didn’t come.
4. जरूर कुछ न कुछ गलतफहमी हई होगी. -There must be some misunderstanding.
*there का प्रयोग प्रमुखता से be इस क्रिया के साथ होता है. लेकिन अन्य कुछ क्रियाओं के साथ भी there का कभी कभी प्रयोग होता है. there का यह प्रयोग थोडा भौपचारिक समझा जाता है.
उदाहरण
1. बहुत कुछ करना बाकी है. -There remains a lot to be done.
2. चिंता करने जैसा कुछ भी दिखाई नहीं देता. -There seems nothing to worry about.
3. एक समय आएगा जब तुम्हें पश्चाताप होगा. -There will come a time when you will repent.
4. हालत में कुछ सुधार नहीं दिखा. -There seemed no improvement in the situation.
रचना क्र. 2
Conditionals (शर्त वाले वाक्य)
- शर्त वाले वाक्यों की अंग्रेज़ी में चार प्रमुख रचनाएँ हैं.
रचना 1 :- If + वर्तमानकाल का वाक्य, वर्तमानकाल का वाक्य.
प्रयोग: कोई सामान्य अथवा वैज्ञानिक सत्य बताते समय इस रचना का प्रयोग किया जाता है. जैसे,
1. यदि आप दो में दो मिलाएँ तो चार होते हैं. -If you add 2 and 2, you get four.
If वर्तमानकाल वर्तमानकाल2. पानी पर तेल उंडेलें तो वह तैरता है. -If you pour oil on water, it floats.
रचना 2 :- If + वर्तमानकाल का वाक्य, जैसा अर्थ व्यक्त करना हो उसके अनुसार वाक्य, प्रयोग : एक क्रिया होने पर दूसरी क्रिया होगी अथवा हो सकती है (अथवा दूसरी बात पहली बात पर निर्भर है) इस अर्थ को व्यक्त करने के लिये इस रचना का प्रयोग किया जाता है.
इस रचना का प्रयोग करते समय if के बाद का वाक्य वर्तमानकाल का होता है. अर्थात हिंदी का वाक्य भले ही भूतकाल अथवा भविष्यकाल का दिखाई दे, फिर भी अंग्रेज़ी में if के बाद वर्तमानकाल ही आएगा.
ध्यान दें :- हिंदी के वाक्य का काल अपूर्ण हो तो अंग्रेज़ी में भी काल अपूर्ण ही रहेगा हिंदी वाक्य ‘पूर्ण काल’ का हो तो अंग्रेज़ी वाक्य भी ‘पूर्ण काल’ का ही होगा. सिर्फ if के बाद वर्तमानकाल आएगा. देखें :-
1. तुमने पढ़ाई की तो तुम पास होगे. If you study, you will pass.
If + वर्तमानकाल का वाक्य शेष वाक्य (जैसा है वैसा)
अंग्रेज़ी के वाक्य में if का प्रयोग बाद में भी किया जा सकता है, जैसे उक्त वाक्य को
इस प्रकार से भी कहा जा सकता है:- -You will pass if you study.
2. तुम्हारा काम समाप्त हो गया हो तो तुम जा सकते हो. -If your work has finished, you can go.
3. मुझे इसका पता लगा तो मैं तुम्हें बताऊंगा. -If I come to know this. I will tell you (पता लगना to come to know).
4. मुझे बुलाया गया तो मैं जाऊंगा. -If I am invited, I will go.
इस वाक्य का पूर्वार्ध सामान्य भूतकाल का दिखाई दे रहा है. लेकिन जैसा कि हमने उपर सीखा है if के बाद का वाक्य वर्तमानकाल का ही होगा. और यहाँ सामान्य वर्तमानकाल का. साथ ही यह भाग passive voice का था, इसलिये passive voice की रचना का प्रयोग किया गया.
रचना 3 :- If + पूर्ण भूतकाल का वाक्य, कर्ता + would/could/might + have क्रिया का तीसरा रूप…
प्रयोग : भूतकाल में संभवनीय लेकिन घटित न हुई बातों के बारे में बोलते समय इस रखना का प्रयोग किया जाता है. दूसरे शब्दों में पहली क्रिया हुई होती तो दूसरी क्रिया हुई होती ऐसा बताने के लिये इस रचना का प्रयोग किया जाता है. जैसे,
1 . तुमने पढ़ाई की होती तो तुम पास हो जाते. -If you had studied, you would have passed.
If + पूर्ण भूतकाल का वाक्य, कर्ता + would have + क्रिया का तीसरा रूप.
2. तुमने मुझसे पूछा होता तो मैंने तुम्हें बताया होता. -If you had asked me, I would have told you.
यही अर्थ if का प्रयोग किये बिना ‘Had + कर्ता + क्रिया का तीसरा रूप….’ इस रचना से भी व्यक्त किया जा सकता है. तब यह वाक्य अंग्रेज़ी में ऐसा बनेगा :-
Had you asked me, I would have told you.
रचना 4 :- If + सामान्य भूतकाल का वाक्य, कर्ता + would/could/might + क्रिया का पहला रूप…
प्रयोग : जो घटित होने की संभावना नहीं है. उसके बारे में बात करते समय अथवा काल्पनिक शर्त व्यक्त करते समय इस रचना का प्रयोग किया जाता है.
1. उसने हमसे पूछा तो हम उसे बताएंगे. -If he asked us, we would tell him.
If + सामान्य भूतकाल, कर्ता + would + क्रिया का पहला रूप
इस वाक्य से व्यक्त होने वाला अर्थ : लेकिन वह हमसे नहीं पूछेगा अथवा पूछने के संभावना नहीं है.
2. हमने घर को काला रंग दिया तो वह डरावना दिखेगा. -If we painted the house black, it would look terrible.
इस वाक्य से व्यक्त होने वाला अर्थ : लेकिन काला रंग देने की हमारी योजना नहीं है।
3. वह यहाँ आया तो हम उससे पूछेंगे. -If he came here, we would ask him.
इस वाक्य से व्यक्त होने वाला अर्थ : लेकिन उसके यहाँ आने की हमें अपेक्षा नहीं है.
अब यही वाक्य आप सामान्य तरीके से कहना चाहें और ‘आने की अपेक्षा नहीं है’ यह उपर्युक्त अर्थ व्यक्त नहीं करना चाहते हों तो आप if की इन चार रचनाओं में से दूसरी रचना का प्रयोग करेंगे और आपका वाक्य इस तरह बनेगाः-
If he comes here, we will ask him.
4. मेरी नौकरी गई तो मैं कोई धंधा शुरू करूंगा. -If I lost my job, I would start some business.
(लेकिन नौकरी जाने की आशंका नहीं है).
तुलना करें : If I lose my job, I will start some business. यह सामान्यतः बोला जाने वाला वाक्य है. इसमें ‘लेकिन वैसी आशंका नहीं है’ यह अर्थ व्यक्त नहीं होता.
तीसरी तथा चौथी रचना में अधिकतर would का प्रयोग होता है. लेकिन would के बजाय could अथवा might का प्रयोग भी आवश्यकतानुसार किया जा सकता है. could का प्रयोग सामान्यतः योग्यता दर्शाने के लिये तथा might का प्रयोग संभावना दशनि के लिये किया जाता है. जैसे,
1. तुमने उसे अपनी परेशानी बताई होती तो वह तुम्हारी सहायता कर सकता था. If you had told him your problem, he could have helped you.
2. हम टैक्सी से आए होते तो शायद हमें रेलगाडी मिल जाती. If we had come by taxi, we might have caught the train.
तीसरी तथा चौथी रचना में कर्ता I अथवा we हो तो would की जगह should का भी प्रयोग किया जा सकता है. जैसे,
If I had studied, I should have passed. मैंने पढ़ाई की होती तो मैं पास हो जाता.
उक्त रचनाएँ तथा जानकारी ध्यान में रखते हुए निम्न वाक्यों का अध्ययन करें.
1 . उसने मुझे मारा तो मैं उसे मारूंगा. If he hits me, I will hit him.
2. तुम्हें कोई भी परेशानी पेश आए तो जरा मुझे बताना. If you come across any problem, please let me know.
3. बारिश जारी रही तो हम बाहर नहीं जा सकेंगे. If the rain continues, we will not be able to go out.
4. कल बारिश हुई तो मुकाबला रद्द होगा. The match will be cancelled if it rains tomorrow.
5. तुम्हें कुछ तकलीफ हो तो मैं टीवी बंद कर सकता हूँ. If you have any trouble, I can turn off the TV.
6. मैंने तुम्हारा दिल दुखाया हो तो मुझे माफ करना. I am sorry if I have offended you.
7. तुम थोड़ा सरके तो मैं यहाँ बैठ सकता हूँ. If you move along a bit, I can sit here.
8. वह सभ्यता से बात न करे तो सीधे फोन रख देना. If he doesn’t speak politely, just put down the phone.
9. तुम कार से गए तो समय पर पहुँचोगे. If you go by car, you will reach on time.
10. मैं ज्यादा देर तक खड़ा रहा तो मेरे घुटनों में दर्द होता है. If I stand for a long time, my knees hurt.
11. वह आए तो मुझे बताना. Tell me if he comes.
12. तुम्हें यह समझ में आ गया होगा तो ठीक है. लेकिन अगर समझा नहीं होगा तो तुम मुझसे फिर पूछ सकते हो. If you have understood this, it is OK; but if you haven’t you can ask me again.
13. तुमने देखने का कष्ट किया होता तो तुम्हें वह मिल गया होता. If you had taken trouble to look, you would have found in
14. हमें यह मालूम होता तो हम जल्दी आ गए होते. We should have come sooner if we had known this.
15 . वे अधिक मेहनत से खेले होते तो जीत गए होते. If they had played harder, they would have won.
16. तुम दौड़े होते तो समय पर पहुँच जाते. If you had run, you would have reached on time.
17. मुझे निमंत्रण दिया गया होता तो मैं जाता. If I had been invited, I would have gone.
18. तुम वहाँ गए होते तो अच्छा होता. If you had gone there, it would have been better.
19. तुम वहाँ गए तो अच्छा होगा. If you go there, it will be better.
अब नीचे के वाक्य की इस वाक्य से तुलना करें.
20. तुम वहाँ गए तो अच्छा होगा. If you went there, it would be better.
इस वाक्य से व्यक्त होने वाला अर्थ :- लेकिन मुझे नहीं लगता तुम जाओगे.
21. मैं तुम्हारी जगह होता तो मैंने उसे दोष नहीं दिया होता. If I were/was you, I would not blame him.
22 . तीसरा महायुद्ध हुआ तो क्या होगा? What would happen if the third world war occurred?
शर्त वाले लगभग सभी वाक्य हमने ऊपर सीखी हुई चार रचनाओं का प्रयोग कर के ही बराए जाते हैं. फिर भी एकाध बार रचना में थोडा परिवर्तन संभव है. जैसे,
1. If you had studied hard while you were in school, you would be an engineer now. जब तुम स्कूल में थे तब तुमने अच्छी पढाई की होती तो तुम अब इंजीनियर होते.
2. If you really loved him, you wouldn’t have hit him. तुम्हारा वास्तव में उस पर प्रेम होता तो तुम उसे नहीं मारते.
If के साथ एकाध बार will का प्रयोग कर के कर्ता कोई क्रिया करेगा ही यह अर्थ अर्थात कर्ता की जिद) व्यक्त की जा सकती है. जैसे,
If you will behave like this, I will not come here again. अगर तुम इसी प्रकार का आचरण करने वाले होंगे तो मैं यहाँ फिर नहीं आऊंगा (यहाँ if के साथ आए will का उच्चारण बलपूर्वक किया जाता है).
रचना क्र. 3
कर्ता + am/is/are + always + क्रिया के साथ ing….
इस रचना में am/is/are का अर्थ रहता है, रहती है, रहते हैं इस प्रकार होता है, और always का अर्थ हमेशा.
उदाहरण
1. वह हमेशा चिंता करता रहता है. He is always worrying.
2. वह हमेशा किसी न किसी बात के बारे में चिंता करता रहता है. He is always worrying about something or the other.
3. वह हमेशा शिकायत करता रहता है. He is always complaining.
4. वह हमेशा अपने नाखून चबाता रहता है. He is always biting his nails.
5. तुम हमेशा चिल्लाते क्यों रहते हो? Why are you always shouting?
6. वह हमेशा आईने में खुदो ओर देखता रहता है. He is always looking at himself in the mirror.
7. ये बच्चे हमेशा झगड़ते रहते हैं. These children are always quarrelling.
रचना क्र. 4
किसी भी प्रकार का वाक्य प्रश्नवाचक शब्द + कथनवाचक वाक्य
किसी भी प्रकार का वाक्य का अर्थ है आज्ञावाचक, प्रश्नवाचक या कथनवाचक कोई भी वाक्य प्रारंभ में आ सकता है. लेकिन बीच में प्रश्नवाचक शब्द आने के बाद अगला वाक्य कथनवाचक ही आएगा. इस रचना का तभी प्रयोग किया जाता है. जब हमारे वाक्य में दो भाग हो और इनमें से एक भाग में प्रश्नवाचक शब्द हो. यह प्रश्नवाचक शब्द वाला हिस्सा अंग्रेज़ी वाक्य में बाद में आएगा शुरुआत में नहीं.
उदाहरण
वह क्या कर रहा है उससे पूछो.
Ask him what he is doing. ↓ ↓ ↓ किसी भी प्रकार का वाक्य + प्र. शब्द + कथनवाचक वाक्य.
ध्यान दें : यदि आपको सिर्फ वह क्या कर रहा है? इतना ही प्रश्न पूछना हो तब आप what के बाद तुरंत he नहीं कहेंगे. तब आपका वाक्य What is he doing? इस प्रकार होगा. लेकिन उपर्युक्त वाक्य में what के बाद he आया है, क्योंकि वहाँ रचनानुसार प्रश्नवाचक शब्द के बाद कथनवाचक वाक्य चाहिये.
1. क्या तुम जानते हो वह कब वापस आएगा? Do you know when he will come back?
2. लोगों को क्या लगता है उसकी मुझे परवाह नहीं है. I don’t care what people think.
3. क्या तुम जानते हो वह कहाँ रहता है? Do you know where he lives?
4. क्या तुम्हें मालूम है उसका फोन नंबर क्या है? Do you know what his telephone number is?
5. मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि उस मुर्ख को नौकरी कैसे मिली. I cannot understand how that idiot got the job.
6. यह मशीन कैसे चलती है उसने मुझे समझाया, He explained to me how this machine works.
(तुलना करें: यह मशीन कैसे चलती है? How does this machine work?)
7. क्या तुम जानते हो तुम कहाँ जा रहे हो? Do you know where you are going?
(तुलना करें :- तुम कहाँ जा रहे हो? = Where are you going?).
8. उसने क्या कहा मेरी समझ में नहीं आया. I did not understand what he said.
9. वह क्या कहेगा इसका अंदाज़ा लगाना मुश्किल है. It is difficult to guess what he will say.
(तुलना करें : वह क्या कहेगा ? = What will he say?)
10. क्या तुम जानते हो डाकखाना कहाँ है? Do you know where the post office is?
(तुलना करें:- डाकखाना कहाँ है? = Where is the post office?)
11. यह क्यों किया गया हम नहीं जानते. We don’t know why this was done.
12. उन्हें क्या चाहिये यह स्पष्ट है. It is obvious what they want.
13. वह कहाँ गया कोई नहीं जानता. No one knows where he went.
14. कल वहाँ क्या हुआ क्या तुम्हें याद है? Do you remember what happened there yesterday?
15. मैंने मेरी कार कहाँ खड़ी की मुझे याद नहीं आ रहा है. I can’t remember where I parked my car?
रचना क्र. 5
(प्रश्नवाचक शब्द) + do you think/does he think वगैरह + कथनवाचक वाक्य ?
उदाहरण
1. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि वह स्वार्थी है? Do you think he is selfish?
2. वह स्वार्थी है ऐसा तुम्हें क्यों लगता है?
पहले वाक्य में प्रश्नवाचक शब्द नहीं था. इस वाक्य में प्रश्नवाचक शब्द है इसलिये यह वाक्य अब प्रश्नवाचक शब्द से शुरू होगा और रचना ऊपर की ही रहेगी.
Why do you think he is selfish?
3. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि मैं मूर्ख हूँ? Do you think I am a fool?
4. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि वह सच बोल रहा है? Do you think he is speaking the truth?
5. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि तुम यह कर सकोगे? Do you think you will be able to do this?
6. हमारा अगला कदम क्या होना चाहिये ऐसा तुम्हें लगता है? What do you think our next step should be?
7. कितना खर्च आएगा ऐसा तुम्हें लगता है? How much do you think it will cost?
8. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि यह दाग़ धोने से चले जाएंगे? Do you think these stains will wash out?
9. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि यह कुर्सी तुम्हारा वजन संभालेगी? Do you think this chair will hold your weight?
10. वह कहाँ गया है ऐसा तुम्हें लगता है? Where do you think he has gone?
11. वह क्या कर सकता है ऐसा तुम्हें लगता है? What do you think he can do?
12. वह क्या करेगा ऐसा तुम्हें लगता है? What do you think he will do?
13. वह कब वापस आएगा ऐसा तुम्हें लगता है? When do you think he will come back?
14. तुम कौन हो ऐसा तुम्हें लगता है? Who do you think you are?
15. हमें क्या करना चाहिए ऐसा उसे लगता है? What does he think we should do?
16. क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि मुझे अंग्रेज़ी बोलना आएगा? Do you think I will be able to speak English?
सूचना : यह सोलहवाँ वाक्य अंग्रेज़ी में कैसे बोला जाता है यह आप जानते हैं, लेकिन ऐसा किसी से पूछना नहीं. क्योंकि हमारे अंग्रेज़ी बोलने का दूसरे के लगने से कोई संबंध नहीं है.
रचना क्र. 6
एक छोटा वाक्य + प्रश्नवाचक शब्द + to + क्रिया का पहला रूप + यह एक उपयुक्त रचना है. नीचे के उदाहरणों से इसका प्रयोग स्पष्ट होगा.
1. अब क्या करना है/अब क्या करें मुझे नहीं मालूम. I don’t know what to do now.
2. यह कैसे करें मैं भूल गया हूँ. I have forgotten how to do this.
3. अपना मुँह कब बंद करें यह हमें मालूम होना चाहिये. We should know when to shut up (our mouth).
4. दुकान में इतनी तरह के शर्ट थे. मेरी समझ में नहीं आ रहा था कि मैं कौनसा लूँ. There were so many types of shirts in the shop, I didn’t know which to buy.
5. किसे निमंत्रण दूँ मेरी समझ में नहीं आ रहा है. I don’t know whom to invite. (अनौपचारिक अंग्रेज़ी में कई बार whom के बजाय who का प्रयोग किया जाता है. यहाँ भी whom की जगह who का प्रयोग किया जा सकता है).
6. मैं नहीं जानता कहाँ से शुरू करूँ. I don’t know where to start (from).
7. यह कैसे करें उसने मुझे दिखाया. He showed me how to do it.
8. यह मशीन कैसे चलाएँ हम उससे पूछते हैं. Let us ask him how to operate this machine.
रचना क्र. 7
कर्ता + need to + क्रिया का पहला रूप +
कोई क्रिया करने की जरूरत है, और इसलिये) करनी चाहिये ऐसा अर्थ व्यक्त क के लिये need to का प्रयोग किया जाता है.
उदाहरण
1. हमें ज्यादा मेहनत से काम करने की जरूरत है. We need to work harder.
2. तुम्हें अपने नाखून काटने चाहिये. You need to cut your nails.
3. तुम्हें यह किताब और एक बार पढ़नी चाहिये. You need to read this book again.
4. उसकी ईमानदारी की तारीफ की जानी चाहिये. His honesty needs to be praised. (यह वाक्य passive voice का होने से यहाँ be और किया का तीसरा रूप आया है।
5. हमें उसकी ईमानदारी की तारीफ करनी चाहिये. We need to praise his honesty.
6. यह काम जल्दी से जल्दी पूरा किया जाना चाहिये. This job needs to be finished as early as possible.
रचना क्र. 8
हिंदी में हम कभी कभी दो क्रियाएँ निम्नानुसार एक के बाद एक प्रयोग करते हैं. जैसे मैं उसे कल जाकर मिलता हू/ वह मेरे पास आकर बैठा. ऐसे समय अंग्रेज़ी में साधारणतः क्रिया + and + क्रिया इस तरह बोला जाता है. देखिए.
1. मैं उसे कल जाकर मिलूंगा. I will go and meet him tomorrow.
2. वह मेरे पास आकर बैठा. He came and sat beside me.
अंग्रेज़ी में जब इस तरह दो क्रियाएँ एक के बाद एक प्रयोग की जाती हैं तब उन दोनों के
रूप एक ही होते हैं. जैसे उक्त पहले वाक्य में go तथा meet दोनों पहले रूप हैं. दूसरे वाक्य में came और sat दोनों दूसरे रूप हैं.
उदाहरण
3. तुम उससे जाकर क्यों नहीं मिलते? Why don’t you go and meet him?
4. तुम बच्चे बाग़ में जाकर क्यों नहीं खेलते ? Why don’t you boys go and play in the garden?
5. मैं अभी जाकर थोड़ी सब्ज़ियाँ लाता हूँ. I will just go and bring some vegetables.
6. क्या हम यहाँ रुक कर कॉफी लें? Shall we stop here and take coffee?
7. क्या हम बाहर जाकर धूप में बैठें? Shall we go out and sit in the sun?
8. वह साइकिल पर बैठ कर निकल गया. He got on his bicycle and rode off.
9. वे कार में बैठ कर बहुत तेज़ी से निकल गए. They got into the car and zoomed off.
10. उसने जेब से एक सिक्का निकालकर भिखारी को दिया. He took a coin out of his pocket and gave it to the beggar.
11. उसने गला साफ किया और बोलना शुरू किया. She cleared the throat and started speaking.
12. कपड़ा गीला करके ये दाग पोंछ डालो. Wet a cloth and rub these marks away.
अब निम्न वाक्य की भिन्नता पर ध्यान दें.
1. उसने ढकेल कर दरवाज़ा खोला.
इस वाक्य में ऊपर की तरह दो क्रियाएँ हैं (ढकेलना और खोलना). लेकिन ऊपर के वाक्यों में और इस वाक्य में फर्क है. फ़र्क ऐसा है कि खोलने की क्रिया यहाँ कर्ता को अलग से नहीं करनी पड़ी. कर्ता ने जो क्रिया की वह सिर्फ ‘ढकेलने’ की है. यह वाक्य अंग्रेज़ी में कर्ता + क्रिया + कर्म + विशेषण इस रचना से बनेगा.
He pushed the door open.
इस वाक्य की अगले वाक्य से तुलना करें:- वह मुझे ढकेल कर भाग गया.
इस वाक्य की दोनों क्रियाएँ (ढकेलना और भाग जाना) कर्ता ने अलग अलग की है
इसलिये यह वाक्य इस प्रकार बनेगा. He pushed me and ran away.
2. मैंने कार धोकर साफ की. I washed the car clean.
कर्ता + क्रिया + कर्म + विशेषण
3. उसने घर झाड़ कर साफ किया. She swept the house clean.
4. उन्होंने उसे पीट कर नीला काला कर दिया. They beat him black and blue.
रचना क्र. 9
कर्ता + क्रिया + (किसका इस प्रश्न का उत्तर) + संज्ञा….
अंग्रेज़ी में इस रचना का प्रयोग तब किया जाता है जब हम किसी ऐसी हुई (अथवा न हुई क्रिया के बारे में बात करते हैं जो क्रिया साधारणतः कर्ता ने स्वयं जानबूझ कर नहीं की होती.
उदाहरण
1. मेरी ज़बान जल गई. I burnt my tongue.
कर्ता + क्रिया + ‘किसकी’ का उत्तर + संज्ञा
(इस अंग्रेज़ी वाक्य का अर्थ मैंने अपनी ज़बान जलाई ऐसा भी हो सकता है. लेकि ऐसा अर्थ कोई नहीं निकालेगा, क्योंकि आम तौर पर लोग अपनी ज़बान नहीं जलाते).
2. दुर्घटना में उसका पाँव टूट गया. He broke his leg in an accident.
3. उसके हाथ में मोच आ गई. He sprained his hand.
- उसकी नौकरी चली गई.
He lost his job.
- उसकी नौकरी क्यों गई?
Why did he lose his job?
- तुम्हारे हाथ में मोच कैसे आई?
How did you sprain your hand?
- तुम्हारी कमीज़ कैसे फट गई?
How did you tear your shirt?
- उस कील पर मेरी कमीज़ फट गई.
I tore my shirt on that nail.
- तुम्हारी उंगली कैसे कट गई?
How did you cut your finger?
- तुम्हारे पैर में ठोकर कैसे लगी?
How did you stub your toe?
- माफ कीजिये, आपकी चाबियाँ यहीं रह गई हैं.
Excuse me, you have left your keys here.
- 90 साल की उम्र में उसकी नज़र चली गई.
He lost his sight at the age of 90 years.
रचना क्र. 10
प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर्म
निम्न वाक्य देखिए.
- मैंने उसे पत्र लिखा.
I wrote him a letter.
- मैंने उसे कुछ पैसे उधार दिये.
I lent her some money.
उक्त दोनों वाक्यों में से हरेक में दो कर्म हैं. पहले वाक्य में him और letter कर्म हैं.
दूसरे वाक्य में her और some money कर्म हैं. him और her को व्याकरण में आप्रत्यक्ष कर्म कहते हैं और a letter और some money को प्रत्यक्ष कर्म कहते हैं.

